सोमवती अमावस्या के दिन तोड़ी गई 200 साल पुरानी मजार, शिव भक्त कांवड़ियों के रास्ते में बन रही थी अड़चन

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में कावड़ यात्रा मार्ग पर बनी 200 साल पुरानी मजार को प्रशासन ने आज सुबह तड़के हटवा दिया. अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है. यह पुरानी मजार हरथला क्षेत्र में स्थित थी जिस पर सोमवार को बुलडोजर चला दिया गया. मुरादाबाद-हरिद्वार हाईवे पर सड़क किनारे बनी इस मजार को स्थानीय लोग करीब 200 वर्ष पुरानी बता रहे हैं. प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान मजार से सटा एक कमरा भी ध्वस्त कर दिया गया. यह कार्रवाई कांवड़ यात्रा मार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से की गई है.
कार्रवाई अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार संबंधित स्थल सड़क के बीचों-बीच अवरोध की स्थिति पैदा कर रहा था, जिससे यातायात प्रभावित होता था. हाईवे का यह हिस्सा पहले से ही संकरा था और यहां दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती थी. आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए मार्ग में कोई रुकावट न आए इसके लिए यह कदम उठाया गया.
